प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने मथुरा आए परीक्षार्थियों की घर वापसी को लेकर रेलवे के इंतजाम कारगर रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद स्टेशन पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने और परीक्षार्थियों को ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मथुरा जंक्शन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में परीक्षार्थियों के बैठने और ठहरने के इंतजाम किए गए। परीक्षा छूटने के बाद स्टेशन पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को सीधे प्लेटफार्म पर जाने के बजाय होल्डिंग एरिया में रोका गया। यहां रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें गंतव्य के अनुसार ट्रेनों की जानकारी दी और रवाना करने में मदद की। इससे प्लेटफार्मों पर एक साथ भीड़ जुटने से रोकने में मदद मिली। परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए कानपुर और झांसी के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद इन ट्रेनों को निर्धारित समय पर रवाना किया गया, जिससे परीक्षार्थियों को अधिक देर तक इंतजार नहीं करना पड़ा। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की निगरानी में व्यवस्थाएं संचालित की गईं। इसमें आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।