सिसवा बाजार। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रविवार को कप्तानगंज कोचिंग पढ़ने जा रही 21 वर्षीय छात्रा का ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसल गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ कट गया। लोगों ने उसे सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सिसवा नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मुखर्जी नगर रायपुर निवासी नूर मोहम्मद की 21 वर्षीय बेटी हीना रविवार की सुबह कुशीनगर जनपद अंतर्गत कप्तानगंज कस्बे में स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने के लिए जा रही थी। रविवार की सुबह हीना सिसवा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेन करीब सवा नौ बजे जैसे ही प्लेटफार्म पर आई और दो मिनट रुकने के पश्चात चल दी। उसी दौरान जल्दबाजी में हीना ट्रेन में चढ़ने लगी तो पैर फिसल गया और गिर गई, जिससे उसका हाथ गाड़ी के नीचे आकर बायां हाथ कट गया और दायां हाथ टूट गया।
वहां मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्टेशन अधीक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि गोरखपुर जाने वाली 55097 अप सवारी गाड़ी पर चढ़ते समय छात्रा का पैर फिसल जाने से वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी भिजवाया गया।