महराजगंज। मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी ने जिलाध्यक्ष नारद राव की अगुवाई में गृहमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। गृहमंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारों के जरिये अपना विरोध जाहिर किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
सक्सेना चौक से बसपाइयों ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राज्य सभा में डॉ. आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण और दलितों के साथ पूरे देश का अपमान बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब ने ही संविधान के जरिए लोगों को अधिकार दिए। उसी अधिकार से लोगों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मिली, लेकिन यह स्वतंत्रता नहीं मिली कि महापुरुषों पर अभद्र टिप्पणी कोई कर सके।
गृहमंत्री का वक्तव्य स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसलिए वह देश की जनता से इस कृत्य के लिए माफी मांगें और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो कोई भी महापुरुषों पर टिप्पणी कर चर्चा हासिल कर देशवासियों की भावनाओं को आहत करता रहेगा। इस मौके पर घनश्याम, संतोष, रमेश, प्रेमचंद, मानवेंद्र, मनोज पासवान मौजूद रहे।
संयुक्त मोर्चा ने भी जताया विरोध
अनुसूचित जाति/जनजाति संगठनों का संयुक्त मोर्चा ने भी गृहमंत्री की बाबा साहब पर टिप्पणी का विरोध करते हुए डीएम कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया। इस मौके पर संरक्षक शिवमंगल गौतम, जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र प्रसाद, जयहिंद भारती, मदनमोहन, अनिल कुमार, पद्माकर बौद्ध, इंद्रेश कुमार, शिवेंद्र, नंदलाल गौतम शामिल रहे।