बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार के लिए आया एक युवक दृष्टिबाधित युवती को छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने युवती से पूछताछ की और मामले की जानकारी पुलिस को दी। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सीएचसी परिसर में एक दृष्टिबाधित युवती रोती हुई बैठी मिली। चिकित्सा अधीक्षक व स्टाफ ने युवती को पानी पिलाया और खाने के लिए बिस्किट व नमकीन दिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह लंबे समय से ग्राम सलैया निवासी काशीराम के साथ इंदौर में रह रही थी और उसी के साथ यहां आई थी। युवती ने बताया कि वह करीब तीन-चार घंटे से सीएचसी में बैठी है। काशीराम उसे छह माह बाद वापस ले जाने की बात कहकर वहां छोड़ गया। युवती ने अपना नाम सुरभि और पता ग्राम महोली बताया। चिकित्सा अधीक्षक ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।