लखीमपुर खीरी के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 12 में शारदा नदी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया। तेज कटान के चलते गांव का प्राचीन शिव मंदिर नदी में समा गया। जानकारी के मुताबिक, कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से कई परियोजनाएं चलाई गईं, लेकिन उनका असर यहां नजर नहीं आया। शारदा नदी की धार लगातार किनारे को काट रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कटान से गांव के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है। बुधवार को शिवकुमार का मकान नदी में समा गया था। यहां अब तक एक-एक कर आधा दर्जन मकान नदी में समा चुके हैं।