लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा की बसही बाजार के व्यापरियों ने शुक्रवार को बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। बसही पोस्ट के एसएसबी प्रभारी पर वसूली का आरोप लगाया और नारेबाजी की। व्यापरियों ने हाथ में ली तख्ती पर भी एसएसबी प्रभारी का नाम लिखा। हालांकि एसएसबी प्रभारी ने आरोपों को निराधार बताया। भारत- नेपाल सीमा की बसही बाजार में करीब 100 दुकानें हैं। काफी संख्या में नेपाली नागरिक इस बाजार से दैनिक जरूरत का सामान खरीदते हैं। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अंकुश गुप्ता, मनोज गुप्ता, अंशुमान, गोलू आदि व्यापरियों ने बाजार बंद कर दी और विरोध प्रदर्शन करने लगे। आरोप लगाया कि एसएसबी प्रभारी गोपाल लाल खटीक दुकानदारों को बेवजह परेशान करते हैं। रुपयों की मांग की जाती है। वसूली का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे व्यापरियों ने 11 बजे तक दुकानें बंद रखी। मामले में एसएसबी प्रभारी गोपाल लाल खटीक ने बताया कि व्यापरियों का आरोप निराधार है। किसी तरह की कोई मांग नहीं की गई।