लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध समिति के चुनाव के लिए बुधवार को शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा और व्यापारी राजू अग्रवाल के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। इस मामले में व्यापारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न व्यापार मंडल संगठनों के लोग गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने कहा है कि यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण बाजार बंद करके बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उधर, गुरुवार सुबह से ही सदर विधायक के घर भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक और सजातीय समाज के संगठन के लोग भी एकत्र हुए। इन लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए शासन प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।