लखीमपुर खीरी के दक्षिण खीरी के वन रेंज शारदानगर के कुवरापुर (खम्बारखेड़ा) गांव किनारे वन विभाग के लगाए पिंजरे में रविवार अलसुबह तेंदुआ कैद हो गया। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। आसपास के दर्जनों गांवों में तेंदुए की चहलकदमी से पिछले काफी समय से लोगों में दहशत थी। बीते एक माह में इलाके में तेंदुआ के हमले में दो बच्चियों की मौत हो चुकी है। हालांकि वन विभाग अभी तक यह साफ नहीं कर सका है कि रविवार को पिंजरे कैद हुए इसी तेंदुए के हमले में बच्चियों की मौत हुई थी या दूसरा था। फिलहाल जहां विभाग को कामयाबी मिली वहीं ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। डिप्टी रेंजर संजय आजाद ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ स्वस्थ है। उम्र लगभग छह वर्ष है। खंबारखेड़ा और आसपास के गांव में इसकी मौजूदगी थी।