जमीन देने के नाम पर अंडा कारोबारी मो. शोएब से 3.30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे ताजमहल फिल्म के सह निर्माता इरशाद आलम के गुर्गे इम्तियाज को गुरुवार को बेकनगंज पुलिस ने फूलबाग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वह मूलरूप से फतेहपुर के इमामगंज आबूनगर का रहने वाला है। वर्तमान में फीलखाना के पटकापुर लारी पार्क के पास रह रहा है। नवंबर 2025 में दर्ज की गई एफआईआर के बाद से फरार होने के बाद पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। सिविल लाइंस निवासी मो.शोएब ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था जाजमऊ गज्जूपुरवा हाल पता सिग्नेचर सिटी निवासी इरशाद आलम ने गज्जूपुरवा में जमीन दिखाते हुए 1.65 करोड़ रुपये में बेचने की बात कही। अनुबंध पत्र तैयार होने पर उन्होंने 1.65 करोड़ रुपये दे दिए। कई दिन बीत जाने पर जब उन्होंने संपत्ति हस्तांतरित करने को कहा तो रकम दोगुनी कर दी। इस पर दोबारा 1.65 करोड़ रुपये और दे दिए। इसके बाद भी बैनामा नहीं किया। आरोप है कि कुल 3.30 करोड़ रुपये वापस मांगे तो आरोपी अपने साथी मो.उजैर व अन्य लोगों के साथ उनकी दुकान पर आए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बेकनगंज इंस्पेक्टर मो.मतीन ने बताया कि उन्होंने इरशाद आलम, मो.उजैर और छह अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में अब तक विवेचना में कई नाम सामने आए। इरशाद के गुर्गे इम्तियाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।