राजधानी मार्ग स्थित न्यू पीएचसी में मंगलवार को मरीजों की भीड़ रही। लोगों को लंबी लाइन में लगना पड़ा। बता दें कि अस्पताल में सिर्फ दो ही चिकित्सक हैं। वहीं, उतार-चढ़ाव के इस मौसम में डाक्टरों ने बासी खाना खाने और ठंडा पानी के अलावा कोल्ड पेय पदार्थ पीने से साफ मना किया है जो किसी भी स्वस्थ व्यक्ति की सेहत खराब कर सकता है। आज दोपहर दो बजे तक अस्पताल में करीब 200 से अधिक मरीज ओपीडी में उपचार कराने के लिए पहुंचे। दो ही डाक्टरों के होने के कारण मरीजों की लंबी लाइन अस्पताल में लगी रही। इस दौरान बुखार, खांसी, डायरिया, ब्लडप्रेशर, पेट और चर्म संबंधी रोगियों की संख्या अधिक रही। न्यू पीएचसी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दिन और रात में गर्म सर्द का अंतर हो रहा है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में जरा सी असावधानी लोगों को बीमार कर सकती है। ठंडे पेय पदार्थ हो या फ्रिज का ठंडा पानी या फिर बासी भोजन ये सभी स्वस्थ व्यक्ति की सेहत बिगाड़ सकते हैं। महिला डाॅक्टर रश्मि वर्मा ने बताया कि ब्लडप्रेशर और डायरिया के मरीज भी आज ओपीडी में रहे। उमस भरी गर्मी दिन में पड़ने के कारण चर्म रोगियों की संख्या भी अधिक रही।