कोर्ट में बयान दर्ज कराने लाई गई पीडि़ता के साथ वहां मौजूद उसके भाई ने मीडिया को बताया कि कुछ लोग रुपयों का लालच देकर मामले को रफादफा कराने का झांसा दे रहे हैं लेकिन उसे इंसाफ चाहिए। उसे रुपये देने की बात कही उनसे उसने हाथ फैलाकर इज्जत वापस लौटाने की दुहाई दी है। भाई ने बताया कि घटना वाली रात बहन के न मिलने पर वह लोग ढूंढ रहे थे इस दाैरान रेलवे लाइन के पास एक काले रंग की स्कार्पियो पर पुलिस की कैप व डंडा रखा दिख रहा था और एक मोटरसाइकिल पर शिवबरन दिखाई दिया। जब उसने शिवबरन से रात को वहां खड़े होने के बारे में पूछा तभी दरोगा ने हड़काया कि तुम इतनी रात को यहां क्या कर रहे हो। उसने दरोगा को बताया कि उसकी बहन नहीं मिल रही उसे ही ढूंढ रहा हूं तो उसने जाने को कहा। वह घर लौट आया था। लगभग एक घंटे बाद उसकी बहन को बदहवास हालत में घर के बाहर फेंककर चले गए थे। बहन ने बताया था कि वह शौच के लिए गई थी तभी पीछे से उसका मुंह दबाकर उसे स्कार्पियो में डाल दिया गया और वहां उसके साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया जिसमें एक वर्दीधारी भी था। बहन ने दोनों की शक्लें देखी थीं इसलिए बहन ने उन्हें पहचान लिया। पीडि़ता के भाई ने शिवबरन के भाई पर भी धमकाने का आरोप लगाया।