मंगलवार सुबह 11 बजे से एनएचएआई की ओर से जाजमऊ हाईवे मार्ग के त्रिभुवनखेड़ा से जाजमऊ गंगापुल तक लखनऊ-कानपुर लेन पर डामरीकरण कराने के साथ ही सड़क मरम्मतीकरण का कार्य कराया गया। इस कारण हाईवे मार्ग सुबह 11 से शाम पांच बजे तक प्रभावित रहा। रेंगते हुए वाहन कानपुर के लिए निकले। इस दौरान कई बार रूक-रूक कर जाम लगा। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। आजाद मार्ग के बदरका चौराहे से जाजमऊ गंगापुल तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शाम को जाम बढ़ता देख मरम्मत कार्य रुकवा दिया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मंगलवार सुबह 11 बजे से जाजमऊ हाईवे के त्रिभुवनखेड़ा तिराहा से करीब तीन 100 मीटर आगे तक लखनऊ-कानपुर लेन सड़क पर डामरीकरण का कार्य कराया गया। इस बीच सड़क मरम्मत कार्य भी हुआ। इस कारण इस छोर से आने वाले वाहन रेंगते हुए कानपुर की ओर निकले। कई बार बड़े और भारी वाहनों के फंसने के कारण जाम की स्थिति बनी रही। शाम पांच बजे तक इसी तरह स्थिति रहने से छह घंटे तक वाहन रेंगते हुए निकले इस दौरान थोड़ी-थोड़ी देर के लिए चार बार जाम भी लगा। जाजमऊ पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि कार्य के दौरान पुलिस मौजूद रही जिससे लगातार जाम नहीं लगने दिया गया इससे राहगीरों को राहत मिली। वहीं शाम चार बजे वाहनों का लोड बढ़ता देख एनएचएआई का कार्य रुकवा दिया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। वहीं, इस कारण जाजमऊ गंगापुल से बदरका चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार दिनभर लगती रही और रेंगते हुए वाहन निकलते रहे।