गंगागंज से पनकी धाम स्टेशन मोड़ पर शुक्रवार देर शाम सवारियों से भरी ईको वैन अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गई। उसमें बैठी आठ सवारियों में से तीन महिलाएं जख्मी हो गईं। चीखपुकार मचने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने काफी जद्दोजहद कर उन्हें बाहर निकाला। 102 या 108 एंबुलेंस न मिलने पर घायलों को ई-रिक्शा से अस्पताल भेजा गया। बाद में पनकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात हाइड्रा मंगाकर कार बाहर निकलवाई। पनकी एफ ब्लॉक निवासी जान मोहम्मद ने बताया कि देर शाम सवारियों से भरी एक ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खुले नाले में पलट गई। उसमें बैठी सवारियों की चीख पुकार सुनकर वे मौके पर पहुंचे। स्ट्रीट लाइटें न जलने की वजह से वहां अंधेरा था। लोगों ने मोबाइल की टार्च जलाकर देखा तो कार पलटी मिली। नाला करीब 10 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा है। लगभग आधी कार पानी के अंदर थी। उसमें बैठी महिलाएं, पुरुष चिल्ला रहे थे। कुछ लोग एक-दूसरे के हाथ पकड़कर नाले में उतरे। आठ पुरुषों और तीन महिलाओं को बाहर निकाला। महिलाओं को चोट लगी थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद चालक भाग गया।