मर्चेंट्स चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश, फेडरेशन ऑफ़ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाईजेशन और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के संयुक्त सहयोग में मंगलवार को मर्चेंट चैंबर हाल में एमएसएमई एंड एक्सपोर्ट प्रमोशन-ट्रेड फाइनेंस विषय पर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं, विदेशी मुद्रा, व्यापार वित्त और निर्यात संवर्धन से जुड़ी जानकारी दी। कहा गया कि उद्योग एवं बैंकिंग क्षेत्र के बीच समन्वय से एमएसएमई और निर्यात को नई उड़ान मिल सकेगी। उद्योग विभाग के उपायुक्त अंजनीश प्रताप सिंह ने एमएसएमई पॉलिसी 2022 के बारे में जानकारी दी। इसके तहत मिलने वाली छूटों के बारे में बताया। कहा कि इस पॉलिसी के जरिए उद्योगों को तेज रफ्तार मिल सकेगी। इस दौरान एक जिला एक उत्पाद, एक जिला एक व्यंजन योजनाओं पर जानकारी दी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की डीजीएम संजू कुमारी ने रिटेल ट्रेड, विदेशी मुद्रा (फाेरेक्स) और ट्रेड फाइनेंस से संबंधित विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बैंक की ओर से एमएसएमई, निर्यात से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया। बैंक के चीफ मैनेजर एवं सीपीसी कामर्शियल हेड रोहित कुमार ने एमएसएमई योजनाओं और विदेशी मुद्रा से संबंधित विषयों पर जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, मुंबई के आईबीडी विभाग के चीफ मैनेजर सौरव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेड फाइनेंस से संबंधित विषयों पर विचार रखे। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (फियो), उत्तर प्रदेश के रीजनल हेड आलोक श्रीवास्तव ने निर्यात संवर्धन एवं निर्यातकों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। इस मौके पर सुशील शर्मा, नेहा जैन, प्रियंका पॉल, प्रभात मिश्रा, राहुल सचान, उमेश पांडेय, ईश्वर सिंह वर्मा आदि थे।