शहरी सीमा में विज्ञापन पट्टों पर शिकंजा कसने की प्रशासन की कोशिश एक बार फिर खानापूर्ति तक सिमटती नजर आ रही है। बीते महीने विज्ञापन पट्टों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद शहर से सटे इलाकों में मानकहीन यूनिपोल पर धड़ल्ले से विज्ञापन लगे हुए हैं। सिंहपुर, टिकरा, मंधना और मकसूदाबाद जैसे इलाकों में कई यूनिपोल पर विज्ञापन बोर्ड लगे हैं। इन यूनिपोल पर न तो टेंडर की तारीख स्पष्ट रूप से दर्ज है और न ही इनकी वैधता बताने के लिए अलग से कोई बोर्ड लगाया गया है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि संबंधित यूनिपोल के लिए अनुमति कब जारी हुई और उसकी वैधता कब तक है।