कानपुर। रावतपुर शहर के व्यस्त इलाके में जीटी रोड के फुटपाथ को दुकानों के आगे ठेलियों वालों ने पूरी तरह घेर लिया है। इस वजह से फुटपाथ पर चलना मुश्किल हो गया है और जाम की स्थिति बन रही है। मेट्रो स्टेशन और रावतपुर रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदार ठेलियों वालों से यूजर चार्ज वसूल कर उनके सामान दुकानों के सामने फुटपाथ पर लगवाते हैं। नगर निगम और यातायात विभाग को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि यातायात सुचारू और फुटपाथ उपयोग योग्य रह सके।