महाराजपुर थाना क्षेत्र के नरवल मोड़ के पास शुक्रवार शाम भूसी से लदा एक ट्रक पहिया फटने के बाद अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन कानपुर-फतेहपुर हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के बिंदकी निवासी जितेंद्र, पुत्र बाल गोविंद, भूसी लेकर कानपुर जा रहे थे। शाम करीब छह बजे नरवल मोड़ के पास अचानक ट्रक का दाहिना पहिया फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक दूसरी लेन में जाकर पलट गया। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सड़क पर फैली भूसी को किनारे कराकर ट्रक हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर लगा जाम खुल सका।