सावन माह में आस्था के प्रमुख केंद्रों में शामिल नरवल तहसील के सरसौल स्थित श्री नंदेश्वर शिव धाम तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच मंदिर तक जाने वाला अंतिम करीब 500 मीटर का मार्ग श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मंदिर परिसर से पहले हाथी गांव अंडरपास से मुख्य द्वार तक सड़क जगह-जगह टूटी हुई है। गड्ढों में भरे पानी और उखड़ी कंक्रीट के बीच नंगे पैर जलाभिषेक के लिए जा रहे शिवभक्तों के पैर जख्मी हो रहे हैं। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी कांवड़ और गंगाजल लेकर इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।