कल्याणपुर क्षेत्र में बीच सड़क पर खुला पड़ा मेनहोल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। पुराना शिवली रोड से बंबा रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब डेढ़ से दो फीट व्यास का यह मेनहोल पिछले करीब एक वर्ष से बिना ढक्कन के खुला पड़ा है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेनहोल सड़क के ठीक बीच में होने के कारण विशेषकर रात के समय दोपहिया वाहन चालक इसकी चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। अंधेरे में मेनहोल दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। राहगीरों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी भरने से मेनहोल दिखाई नहीं देता और दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।