सावन मास और सोमवार को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को परमठ स्थित प्रसिद्ध बाबा आनंदेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन के सभी सोमवारों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने विशेष रूप से गंगा घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।