कानपुर देहात के भीतरगांव इलाके में साढ़–कुङनी मार्ग पर स्थित बरईगढ़ नहर पुल के पास आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। घुमावदार मोड़ के दोनों किनारों पर कई फीट ऊंची झाड़ियां और कांस खड़े होने के कारण सामने से आ रहे वाहन चालक और राहगीर एक-दूसरे को नहीं देख पाते। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर न तो पीडब्ल्यूडी की ओर से कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाया गया है। नतीजतन यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से झाड़ियां साफ कराने और संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।