परिषदीय स्कूलों में बुधवार से अर्द्धवार्षिक मौखिक और लिखित परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन कई स्कूलों में छात्रों की अनुपस्थिति रही। वहीं, एसआईआर के काम में लगे शिक्षकों का कहना है कि वह कार्य का दबाव महसूस कर रहे हैं। आदर्श नगर स्थित कन्या प्राथमिक स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य फराह हुसैन ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक 152 छात्र-छात्राएं हैं, जिसमें 20 छात्र अनुपस्थित रहे। पहले दिन संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, इवीएस विषयों की मौखिक परीक्षाएं हुईं। वहीं, सरैया गांव स्थित सरैया प्राथमिक स्कूल की प्रधानाचार्य मंजूलता ने बताया कि 51 छात्रों में से आठ अनुपस्थित रहे। सभी विषयों की मौखिक परीक्षाएं हुईं। वहीं, अगेहरा प्राथमिक स्कूल, फत्तेखेड़ा, गगनीखेड़ा कंपोजिट स्कूल समेत अन्य स्कूलों में भी परीक्षाएं हुईं। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि उनकी ड्यूटी एसआईआर कार्य में बतौर बीएलओ के रूप में लगाई गई है। ऐसे में कहीं न कहीं शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही बीएलओ कार्य में लगे शिक्षक कार्य का दबाव महसूस कर रहे हैं।