कोहरे के साथ पाला गिरना शुरू हो गया है। ऐसे में देर से आलू की फसल बोने वाले किसानों में नुकसान पहुंचने की आशंका से माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं हैं। जबकि समय से फसल की बोआई करने वाले किसानों को इस बार लाभ मिलेगा और आलू की बंपर पैदावार होगी। शंकरपुर, पिंडोखा, अगेहरा, हाजीपुर, भिटवा, कटहा, कटरी पीपरखेड़ा, देवारा व सरैया आदि गांवों में किसानों ने आलू की बोआई की है। कुछ किसानों के खेतों में आलू की फसल समय से बोआई होने से फसल तैयार हो गईं है। कुछ किसानों के खेतों में नई आलू की खोदाई भी शुरू करा दी है। कटरी पीपरखेड़ा के किसान सर्वेश निषाद, माखनलाल, राजाराम, दीनू निषाद ने बताया कि उन्होंने समय से आलू की फसल की बुआई की थी, जो लगभग तैयार हो गई है। वहीं, जिन किसानों ने देरी से फसल की बोआई की है, उन्हें इस बार नुकसान हो सकता है। क्योंकि आने वाले दिनों में पाला गिरने के साथ बारिश भी हो सकती है जिसका असर सीधे आलू की फसल पर पड़ेगा। सहायक कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि समय पर आलू की फसल बोने वाले किसानों को इस बार बंपर लाभ मिलेगा जबकि देरी से बोने वालों को नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसान अपनी फसल को पाला से बचाएं।