शहर में एक घंटे की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर पूर्व पार्षद फोरम ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। फोरम के संयोजक मदन लाल भाटिया ने कहा कि बारिश से पहले नालों की सफाई, डीवॉटरिंग पंप और आपातकालीन व्यवस्था प्रभावी नहीं होने के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। मदन लाल भाटिया ने कहा कि पहले प्रत्येक जोन में जलभराव वाले स्थानों के लिए डीवॉटरिंग पंप पहले से तैनात रहते थे। साथ ही नगर निगम, सीवर और सफाई कर्मचारियों की संयुक्त टीमें भी तैयार रहती थीं, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी तेजी से हो जाती थी। उनका आरोप है कि वर्तमान में ऐसी व्यवस्थाएं नजर नहीं आ रहीं, जिससे थोड़ी ही बारिश में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं।