भोगनीपुर पुलिस ने एटीएम मशीनों से धोखाधड़ी कर रुपये निकालने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से 7400 रुपये नकद, गोंद लगी प्लास्टिक प्लेट और चाकू बरामद हुए हैं। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि भोगनीपुर पुलिस ने शनिवार को पिलखिनी रोड पर अल्कापुरी कालोनी के पास स्थित ट्यूबवेल के पास से शरद कुमार, कुलदीप निवासी कटेही डेरापुर, विपिन कुमार, रिंकू निवासी बहेरी डेरापुर और सितेंद्र कुमार निवासी दलेलपुर थाना बिधनू कानपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम मशीन में पैसे निकलने वाली जगह पर गोंद लगी प्लास्टिक प्लेट लगा देते थे। जब लोग पैसे निकालते थे तो वे खाते से कट जाते थे, लेकिन मशीन से बाहर नहीं निकल पाते थे। इसके बाद अभियुक्त आकर प्लेट हटाकर पैसे चुरा लेते थे। आरोपियों ने कानपुर देहात, कानपुर नगर, कन्नौज, औरैया, इटावा, दिल्ली, नोएडा, अहमदाबाद, गुजरात और मुंबई सहित कई जगहों पर इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। हाल ही में 12 फरवरी 2026 को उन्होंने भोगनीपुर चौराहे के पास एक एटीएम से इसी तरह चोरी की थी। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ठगी करने वालों की तलाश कर रही थी।