दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। डीजी फायर के निर्देश पर प्रदेशभर में होटल, बार, गेस्ट हाउस, लॉज और मोटल्स की सघन जांच का अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में कानपुर में घंटाघर क्षेत्र से फायर सेफ्टी चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई। फायर विभाग की टीमें विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों द्वारा होटल संचालकों और प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जानकारी ली जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध फायर एनओसी संचालित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है। वहीं गंभीर खामियां मिलने पर सीलिंग और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।