उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड कानपुर नगर की ओर से बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित मंडल स्तरीय प्रदर्शनी का बुधवार को समापन हुआ। प्रदर्शनी में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की धूम रही। 51 लाख से ज्यादा की बिक्री की गई। गुड़ और पॉटरी कारोबारियों को लाखों के निर्यात आर्डर भी मिले हैं। इस दौरान प्रदर्शनी में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कहा कि खादी फाॅर फैशन, खादी फॉर नेशन का नारा सार्थक प्रतीक हो रहा है। उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी में 105 स्टॉल लगाए गए थे। इसमें खादी उत्पादों की बिक्री 28,45,300 रुपये की रही। 22,95,500 रुपये के ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री की गई। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अलावा जम्मू कश्मीर, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड आदि से कारोबारी-व्यापारी आए थे। कानपुर गोशाला सोसाइटी के पंचगव्य उत्पाद और गाय के गोबर से बने लट्ठों की मांग देखी गई। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी खादी ग्राम उद्योग बोर्ड अशोक कुमार शर्मा ने संस्थाओं और व्यापारियों को सम्मानित किया। प्रथम स्थान स्वराज आश्रम कानपुर को मिला। इस मौके पर अनुराग त्रिवेदी, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेंद्र निषाद आदि मौजूद रहे।