आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के कट संख्या 217 स्थित फूड प्लाजा की सर्विस रोड पर बने बड़े और गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सर्विस रोड से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी से भरे गड्ढों के कारण वाहन फिसलने का खतरा बना हुआ है। वहीं, फूड प्लाजा पर आने-जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से सर्विस रोड की मरम्मत कर गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।