बारिश का मौसम शुरू होते ही सर्पदंश और जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल और नरवल में एंटी वेनम की पर्याप्त मात्रा मौजूद है। केंद्र प्रभारी डॉ. अवनीश यादव ने बताया कि अस्पताल में हर तरह की आपातकालीन तैयारी पूरी रखी गई है। डॉ. यादव ने बताया कि पिछले सप्ताह सर्प काटने का एक मामला सामने आया था। जांच में पता चला कि यह फ्रॉग स्नेक पानी वाला सांप था, इसलिए मरीज को एंटी वेनम देने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों अस्पतालों में एंटी वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और स्टाफ को भी अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बारिश के मौसम में अब तक सर्पदंश का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अपील की जा रही है। बारिश में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े घरों में निकल आते हैं। ऐसे में घर के आसपास साफ-सफाई रखें और रात में टॉर्च लेकर ही चलें। डॉ. यादव ने लोगों से अपील की कि अगर किसी को सांप या किसी अन्य जहरीले जीव ने काट लिया है तो झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय न गंवाएं। तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है।