कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के हरदेव नगर में शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। राजमिस्त्री मक्खन सोनकर के छह वर्षीय बेटे आयुष सोनकर का अपहरण उसके ही किराएदार शिवम सक्सेना ने रिमोट वाली कार दिलाने के बहाने कर लिया। आरोपी आयुष को अपने साथ लेकर पांडु नदी पहुंचा, जहां उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव नदी किनारे फेंक दिया।
परिजनों ने जब काफी देर तक बच्चे को घर न लौटते देखा, तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में शिवम को अकेले घर लौटते देखा गया। इस पर पुलिस ने शक गहराया और बच्चे की तलाश के लिए तीन टीमें गठित कीं।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें शिवम को अर्रा-दो क्षेत्र में एक ऑटो में बच्चे को बैठाकर पांडु नदी की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद आयुष का शव नदी किनारे बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी, एडीसीपी योगेश पांडेय और संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार फोर्स व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। डीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवम, आयुष की मां ममता सोनकर से एकतरफा प्रेम करता था। इसी कारण परिवार में आए दिन विवाद होते थे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और देर रात फत्तेपुर चौराहा के पास हुई मुठभेड़ के बाद शिवम को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि बालक की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है और अपहरण की धारा को हत्या में संशोधित किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।