जौनपुर में लगातार बारिश के बीच शुक्रवार को शहर भीषण जाम की गिरफ्त में आ गया। प्रमुख चौराहों और बाजारों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति तब देखने को मिली जब मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस के सायरन बजाने के बावजूद आगे बढ़ने के लिए रास्ता नहीं मिल सका। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह वाहनों को हटाकर एंबुलेंस को निकलवाने का प्रयास किया। शहर के ओलंदगंज, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, पालिटेक्निक चौराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और सड़क किनारे अवैध पार्किंग से जाम की समस्या और बढ़ गई।