हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कांवड़ संघों व शिविर संचालकों की बैठक की। इसका उद्देश्य श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना था। जिलाधिकारी ने शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा व निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिविरों को मुख्य मार्ग से 10 फुट दूर स्थापित करने के निर्देश दिए। शिविरों में विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य हैं। साउंड सिस्टम की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया। यात्रा मार्गों पर अधिकारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी की बात कही। उन्होंने शिविर संचालकों से पूर्व अनुमति लेने व शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। कांवड़ संघों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।