चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव बजना में एक महीने से पोखर का पानी छलकने के कारण जलभराव है। गलियों में गंदगी भरा पानी जमा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। कई बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, घरों में सांप, बिच्छू जैसे जहरीले कीड़े घुस रहे हैं। गंदगी से मच्छर पैदा हो गए हैं, जिससे इन्सानों और पशुओं में बीमारियां फैल रही हैं। कई लोगों के पैरों में संक्रमण हो गया है। ग्रामीणों को महामारी फैलने का डर है। उन्होंने अधिकारियों और मुख्यमंत्री के शिकायत मंच पर शिकायतें की हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी आवास के सामने धरना प्रदर्शन और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।