बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर में युवक ने बृहस्पतिवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की वजह पर परिजन चुप्पी साधे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैदपुर निवासी रिंकू उर्फ आनंद (35) खेती करते थे। भाई अमित और मां अनोखी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में लगभग 10 बजे रिंकू घर से निकले थे। इसके बाद वह नजर नहीं आए। 11 बजे उन्हें खाना खिलाने के लिए तलाशा गया लेकिन कुछ पता नहीं चला। दोपहर बाद तीन बजे कुछ ग्रामीणों ने रिंकू का शव नहर कोठी के पास जामुन के पेड़ पर फंदे से लटकता देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी। रिंकू ने गमछे और पैंट से फंदा बनाकर खुदकुशी की है। परिवार में पत्नी पूनम, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट में अगर कुछ संदिग्ध मिलेगा तो जांच की जाएगी।