हापुड़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 47 करोड़ रुपये से मेरठ-बुलंदशहर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है, लेकिन बुलंदशहर रोड पर बीच सड़क पर खड़े 18 पेड़ों के कारण कुछ कार्य रुका हुआ था। सोमवार को वन विभाग की टीम ने अनुमति के बाद इन पेड़ों को काटा। इस दौरान कोई हादसा न हो, इसलिए रस्सी बांधकर वाहनों को रोका गया। जिस कारण तहसील चौराहे पर जाम लग गया। धीरखेड़ा से लेकर बुलंदशहर रोड बाइपास तक मेरठ-बुलंदशहर मार्ग को चार लेन करने का काम करीब एक साल से चल रहा है, लेकिन इस काम में बार-बार कोई न कोई रुकावट आ जाती है। सड़क चौड़ीकरण में सबसे बड़ी रुकावट बीचोबीच खड़े विद्युत लाइन व खंभे और पेड़ बने हुए हैं। इन पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने लंबे इंतजार के बाद अनुमति दी थी। इस कारण ऊर्जा निगम के अधिकारियों को बुलंदशहर रोड पर विद्युत लाइन व खंभों को शिफ्ट करने में भी परेशानी आ रही थी।