राष्ट्रीय राजमार्ग 34 किनारे खड़े डंपर में शार्ट सर्किंट से आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया। पीएनसी का डंपर सड़क मरम्मत के चलते हाईवे पर किनारे खड़ा था। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे किनारे बसे नारायच गांव के पास पीएनसी कंपनी के कर्मचारी सड़क मरम्मत का काम कार्य कर रहे थे। तभी अचानक सड़क किनारे खड़े खाली डंपर में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटे उठने लगी। उसमें बैठा चालक रंजीत सिंह ने डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई। मंजर देख लोगों ने दमकल को सूचना दी। दमकल ने आकर पानी की बौछारें डाल आग पर काबू पाया। चालक रंजीत सिंह ने बताया कि पीएनसी कंपनी द्वारा सड़क मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। कंपनी का ही डंपर है। घटना के दौरान हाईवे पर दोनों ओर जाम लग गया। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे में जाम खुलवा यातायात बहाल कराया।