उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा बुधवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर हुई। परीक्षा में कुल 2026 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1162 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 864 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 57.35 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा देने के लिए सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी समेत आसपास के कई जिलों से अभ्यर्थी गोंडा पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ रही। केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और निर्धारित सामग्री ले जाने की अनुमति दी गई। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूरी तरह रोक रही। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अनियमितता की सूचना नहीं मिली।