राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई, इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रखते हुए अनावश्यक भीड़ को रोकने के इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुबह से ही सभी केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।