गोंडा जिले के खरगूपुर क्षेत्र स्थित पृथ्वीनाथ शिव मंदिर के समीप विशुनापुर बाजार मार्ग पर बना झाली धाम अब धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन का भी नया केंद्र बनता जा रहा है। सुंदरीकरण कार्यों के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से स्वीकृत सभी कार्य अप्रैल माह में पूरे करा दिए गए हैं। परिसर में घाटों का सुंदरीकरण, इंटरलॉकिंग मार्ग, छतरियों का निर्माण तथा टॉयलेट ब्लॉक तैयार कराए गए हैं। इसके अलावा प्रकाश और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि झाली धाम प्रबंधन की ओर से पोखरे के बीच भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। पानी के बीच बन रहा यह मंदिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। शाम के समय यहां का दृश्य विशेष रूप से मनमोहक दिखाई देता है। मान्यता है कि पृथ्वीनाथ शिव मंदिर महाभारत कालीन है। सावन, महाशिवरात्रि और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां गोंडा समेत आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक महत्व के साथ प्राकृतिक वातावरण और शांत वादियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। वंदना पांडेय ने बताया कि झाली धाम जिले के प्राचीन धार्मिक स्थलों में शामिल है। सुंदरीकरण के बाद यहां पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी फायदा होने की उम्मीद है।