जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में एसआईआर फार्म वितरण और इनके शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन की प्रगति को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़े डिजिटाइजेशन कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रियाएं पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ तरीके से संपन्न हो सकें। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न बूथों पर औचक निरीक्षण कर मैदान में चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जीजीआईसी इंटर कॉलेज बड़गांव,गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राधाकुण्ड व कंपोजिट विद्यालय मेवतियान में एसआईआर फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्मिकों से कार्य की गति, तकनीकी संसाधनों और डेटा अपलोडिंग की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।