गोंडा से महाकुंभ जाने वाले तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने गोंडा लखनऊ रोड पर पीएसी गेट के पास अस्थाई बस अड्डा बनाया है। यहां से निजी वाहनों का संचालन किया जाएगा। प्रयागराज जाने वाले वाहनों को महाकुंभ का स्टीकर लगाना होगा। अस्थाई बस अड्डे पर यात्रियों की सुविधाओें को देखते हुए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। महाकुंभ के लिए वैसे तो परिवहन निगम ने गोंडा डिपो की 109 बसें लगाने की योजना बनाई है। इसमें से 10 बसें पहले ही कुंभ भेजी जा चुकी है। शेष बसों को यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलाया जाएगा। वैसे 28 व 29 जनवरी को गोंडा डिपो की सभी 99 बसें कुंभ भेजी जाएगी। यात्री कर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि काफी संख्या में श्रद्धालु निजी बसों से प्रयागराज जाते हैं। ऐसे में रोडवेज बस अड्डे से पांच किलोमीटर के भीतर ही गोंडा लखनऊ रोड पर पीएसी गेट के पास अस्थाई बस अड्डा बनाया गया है। यहां से निजी बसें तीर्थ यात्रियों को लेकर प्रयागराज जाएंगी। यहां से प्रस्थान करने वाली बसों को महाकुंभ का स्टीकर लगाने को कहा गया है। अस्थाई बस अड्डे पर यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए शौचालय, पेयजल व अन्य प्रबंध किए जा रहे हैं। डीएम नेहा शर्मा ने शनिवार को प्रस्तावित अस्थाई बस अड्डे का अफसरों के साथ निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। यात्री सुविधाओें के बारे में जानकारी ली। डीएम ने बताया कि शहर से बाहर होने के कारण यहां पर यात्रियों को काफी बेहतर सुविधाएं मिलेगी।