गोंडा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को रायल पैराडाइज मैरिज हाल में 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपतियों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।