जनगणना को लेकर आम लोगों में किसी तरह की भ्रांति न रहे। यह नागरिकता से जुड़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाएं तैयार करने के लिए आंकड़े जुटाने का सामान्य प्रशासनिक कार्य है। प्रगणक और सुपरवाइजर लोगों को इसकी सही जानकारी देकर जनगणना का कार्य त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को मुहम्मदाबाद स्थित शहीद स्मारक डिग्री कॉलेज में चल रहे जनगणना-2027 के प्रशिक्षण के दौरान यह निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने भारत सरकार की जनगणना-2027 के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। प्रशिक्षण का द्वितीय चरण का दूसरा बैच 29 से 31 अक्तूबर तक संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था, उपस्थिति और अब तक हुई प्रगति का जायजा लिया।