गाजीपुर जिले के नगसर थाना क्षेत्र के गगरन गांव में बृहस्पतिवार सुबह छह नकाबपोश युवकों ने नहर किनारे भेड़ चरा रहे छात्र अरुण पाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ तीन बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि गगरन गांव निवासी 16 वर्षीय अरुण पाल सुबह नहर के पास भेड़ चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे छह नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया और पीठ पर चाकुओं से तीन वार कर दिए। हमले में लहूलुहान होकर अरुण मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए फरार हो गए।