ड्राई राशन के कार्य से हटाये जाने और बीते एक साल से मानदेय नहीं मिलने के विरोध में देवकली विकासखंड के विभिन्न गांवों से पहुंची स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। स्वयं सहायता समूह की संजू देवी ने बताया कि, वर्ष 2020 में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त रूप से गर्भवती महिलाओं में वितरित करने का दायित्व सौंपा गया था। कोरोना काल जैसी विषम परिस्थिति में भी इन महिलाओं ने घर-घर जाकर राशन वितरित किया। इसके बाद भी बिना किसी पूर्व सूचना, बिना किसी लिखित आदेश या शासनादेश के हमें इस काम से बाहर कर दिया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक के निर्देश के बाद भी बीते एक सालों से हमारा भुगतान नहीं किया गया है। इससे इन महिलाओं को जीविकापार्जन में कठिनाई हो रही है। इस मौके पर सुनीता देवी, गुड़िया देवी, सलमा बेगम, चंदा देवी, फूला देवी आदि मौजूद रहे।