गाजीपुर के कासिमाबाद तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन, तहसील बार एसोसिएशन एवं स्टांप वेंडरों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें डीएम द्वारा बीते पांच अगस्त को जारी आदेश के विरोध में अधिवक्ताओं ने कड़ा रुख अख्तियार किया। साथ ही निर्णय लिया गया कि जबतक उक्त आदेश को वापस नहीं लिया जाता तबतक अधिवक्ता न्यायिक कार्यों में असहयोग करेंगे। साथ ही निबंध कार्यालय में कलमबंद हड़ताल का प्रस्ताव भी पारित किया गया। अधिवक्ताओं ने इस मनमाना एवं गैरकानूनी बताते हुए विरोध जताया। इसके बाद पारित प्रस्ताव को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रबंधन कार्यालय में पत्रक सौंपते हुए अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान सेंट्रल बार अध्यक्ष जयप्रकाश यादव, तहसील बार अध्यक्ष संतोष कुमार, मनोज गौतम, दामोदर, अनूप कुमार, जोगेंद्र यादव, संतोष जायसवाल, सुभाष चंद्र तिवारी, अजय कुमार श्रीवास्तव, अनुज गौतम, मनीष सक्सेना, चंद्रशेखर, अभय सिंह सहित अधिवक्ता मौजूद रहे।