पशुओं को पिकअप से बिहार तस्करी के लिए ले जा रहे एक तस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से तस्कर घायल हो गया। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ, जबकि एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं, पिकअप से 15 पशु बरामद हुए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत कंरडा थानाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ चोचकपुर पेट्रोल पंप के पास चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर मैनपुर बाजार में घेराबंदी करते हुए टीम ने पशुओं से लदी पिकअप का पीछा किया गया। बोलेरो में बैठे तस्करों ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। इस पर पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया व दूसरा तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल तस्कर ने अपना नाम रामपुर मांझा थाना के देवचंदपुर निवासी रोहन यादव बताया। उसे उपचार के लिए सीएचसी करंडा भेजा गया। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।