झंडातर मुहल्ले में नाले से अतिक्रमण हटाओ अभियान चौथे दिन बुधवार को भी जारी रहा। चौथे दिन चिह्नित मकान के आगे का हिस्सा हथौड़ी-छेनी से हटाया गया। पूरा मकान धंसने न पाए, इसके लिए शुक्रवार को मौके पर एक तकनीकी टीम भी जाएगी। मजदूरों ने चिह्नित मकान के अगले हिस्से को तोड़ने के कार्य में सुबह 10 बजे से ही जुट गए थे। शाम तक मकान के अगले हिस्से को पूरी तरह से गिरा दिया गया। मकान के सपोर्ट के लिए केवल दो दीवारों को छोड़ दिया गया है, ताकि पूरे भवन को नुकसान न होने पाए। मकान को तोड़ने में पूरी तरह से एहतियात बरती जा रही है। जिला प्रशासन व नगर पालिका की मंशा है कि मकान केवल उतने हिस्से को ही तोड़ा जाए, जिसके जरिए नाले पर अतिक्रमण है। अतिक्रमण हटाओ अभियान की पूरी मानीटरिंग अधिकारी कर रहे थे। मौके पर सदर एसडीएम प्रखर उत्तम व नगर पालिका ईओ अमिता वरुण मौजूद रहीं।