फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार पिकअप से कुचलकर साइकिल सवार वृद्ध की मौत, VIDEO

शहर कोतवाली के महाराजगंज में पिकअप से कुचलकर साइकिल सवार ईशू (60) की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी- गोरखपुर फोरलेन जाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सदर एसडीएम रविश गुप्ता के मुआवाजा दिलाने व पिकअप चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर सुबह 6.15 बजे से चल रहा जाम सुबह 9.15 बजे समाप्त हो गया। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया शेखपुर गांव के सामने वाराणसी- गोरखपुर फोरलेन पर बने कट से सुबह करीब छह बजे करिमाबाद सोनहरिया निवासी ईशू (60) साइकिल से मार्ग पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने साइकिल में धक्का मार दिया। जबतक राहगीर और आसपास के लोग कुछ समझ पाते पिकअप से कुचलकर वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने महाराजगंज के पास सुबह 6.15 बजे वाराणसी- गोरखपुर फोरलेन जाम कर दिया। कोतवाली पुलिस ने काफी समझाने- बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। यहीं नहीं सड़क पर पड़े शव को भी ग्रामीणों ने उठाने नहीं दिया। जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम रविश गुप्ता ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने व पिकअप चालक को चिह्नित कर गिरफ्तार करने के आश्वासन दिया, तब जाकर सुबह 9.15 बजे जाम समाप्त हुआ। शहर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि सदर एसडीएम के समझाने- बुझाने पर जाम समाप्त हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मृतक ईशू के छोटे भाई मान सिंह की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें