पवित्र सावन माह के प्रथम सोमवार पर जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने रिजोर स्थित वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर एवं प्राचीन कैलाश मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रसाधन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं बनाए रखें। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता और रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। वहीं डीएम ने 24 घंटे आवश्यक सेवाएं सक्रिय रखने, मंदिर परिसर में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने रिजोर थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का भी जायजा लेकर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, एसडीएम सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।